चंबा । चंबा जिले के चुराह उपमंडल के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर तरवाई पुल के समीप पहाड़ी से गिरा पत्थर चालक को लगने से अनियंत्रित हुई टाटा सूमो गाड़ी बैरा खड्ड में जा गिरी। इसमें हिमाचल प्रदेश पुलिस बटालियन के छह पुलिस जवानों और चालक की मौत हो गई। चार घायल हो गए, जिनमें से तीन का मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार चल रहा है। मृतकों में पांच पुलिस कर्मचारी कांगड़ा, एक चंबा का रहने वाला था। चालक भी चंबा का रहने वाला था। सिविल अस्पताल तीसा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस के अनुसार सूमो में सवार होकर एसआई की अगुवाई में नौ पुलिस जवानों समेत वाहन चालक और एक अन्य व्यक्ति बैरागढ़ चौकी से ब्रूइला के लिए पेट्रोलिंग पर निकले थे। शुक्रवार सुबह करीब 10:00 बजे तरवाई पुल के पास यह हादसा हो गया। वाहन खड्ड में गिरते समय पुलिस जवानों समेत दस लोग गाड़ी से छिटक कर पत्थरों पर जा गिरे।
गाड़ी गिरता देख स्थानीय लोग मदद को खड्ड में उतरे। उन्होंने चुराह प्रशासन और पुलिस को भी इसकी सूचना दी। शवों और घायलों को निकाला गया। एक शव बह जाने से टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे निकाल कर किनारे पर पहुंचाया। चार घायलों को सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद तीन को चंबा रेफर किया गया।
More Stories
वर्मा ज्वैलरी प्रदर्शनी में विविध भारतीय आभूषणों की झलक, सांस्कृतिक धरोहर को मिला बढ़ावा: प्रतिभा सिंह
शिक्षकों का पदोन्नति को लेकर सरकार को अल्टीमेटम,प्रमोशन का वनवास खत्म करे सरकार वरना कक्षाओं के बहिष्कार कर सड़कों पर उतरेंगे हिमाचल के हजारों शिक्षक
सैमडकॉट की चेतावनी: पदोन्नति रोक और वेतन स्थगन से चिकित्सा शिक्षा पर मंडराया संकट