शिमला।
अदाणी एग्रो फ्रेश कंपनी बीते साल के मुकाबले चार रूपए ज्यादा दाम पर सेब खरीदेगी। कंपनी सोमवार से तीन कलेक्शन सेंटर्स पर खरीद शुरू करेगी। रविवार को कंपनी ने अपने रेट जारी कर दिए हैं। इस सीजन में कंपनी ने 25,000 मीट्रिक टन से खरीदने का लक्ष्य रखा है, जो बीते साल से 7,000 मीट्रिक टन ज्यादा है।
कंपनी 80 से 100 फीसदी रंग वाले एक्स्ट्रा लार्ज सेब को 52 रूपए प्रति किलो, जबकि लार्ज, मीडियम और स्मॉल सेब को 76 रूपए प्रति किलो की दर पर खरीदेगी। बीते साल एक्स्ट्रा लार्ज 52 जबकि लार्ज, मीडियम और स्मॉल सेब का रेट 72 रूपए प्रति किलो था। इस सीजन में 60 से 80 फीसदी रंग वाले एक्स्ट्रा लार्ज सेब को 37 रूपए किलो, जबकि लार्ज, मीडियम और स्मॉल आकार का सेब 61 रूपए प्रति किलो की कीमत पर खरीदा जाएगा।
60 फीसदी से कम रंग वाले सेब की खरीद 20 रूपए प्रति किलो की कीमत पर होगी। पिछले साल ऐसा सेब 15 रूपए किलो खरीदा गया था। छोटे आकार का पिट्टू सेब 52 रूपए प्रति किलो खरीदा जाएगा, जबकि पिछले साल ऐसे सेब के रेट 42 रूपए निर्धारित किए गए थे।
कंपनी ने 15 से 19 अगस्त तक के लिए ये रेट जारी किए हैं। 19 अगस्त के बाद रेट में बदलाव किया जाएगा। अदाणी के ठियोग के सैंज, रोहड़ू के मेहदली और रामपुर के बीधल में कलेक्शन सेंटर हैं। अदाणी एग्रो फ्रेश के टर्मिनल मैनेजर पंकज मिश्रा ने बताया कि मंडियों के मुकाबले अदाणी ने अच्छे रेट खोले हैं। इस साल छोटे आकार का सेब अधिक है, इसलिए कंपनी ने बागवानी के हितों को ध्यान में रखते हुए बीते साल के मुकाबले छोटे सेब के दाम 10 रूपए अधिक तय किए हैं।


More Stories
किन्नौर में विश्व की पहली बॉर्डर वुमेन्स कार रैली ‘She Will Season 2.0’ का भव्य आयोजन, 130 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा
आरएसएस के 101वें वर्ष पर सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का संदेश
भाजपा हिमाचल ने 17 जिला समन्वयक किए नियुक्त, प्रकोष्ठों के कामकाज को मिलेगी गति पुरुषोत्तम गुलेरिया ने जारी की नियुक्तियों की सूची, वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त संभालेंगे नई जिम्मेदारी