शिमला भूपेन्द्र गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एसजेवीएन के मार्गनिर्देश में आज कारपोरेट मुख्यालय, शिमला में हिन्दी पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक), एसजेवीएन मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को हिन्दी पखवाड़े की बधाई दी और हिन्दी पखवाड़े की महता पर प्रकाश डाला। निदेशक (कार्मिक) ने सभी कर्मचारियों से पखवाड़े के दौरान आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर शर्मा ने राजभाषा हिन्दी के प्रति अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि भाषा विचार अभिव्यक्ति का सरलतम माध्यम है। विविधता से सम्पन्न भारत में हिन्दी भाषा विभिन्न संस्कृतियों, समुदायों, संप्रदायों को जोड़ने का कार्य करती है। हिंदी केवल एक भाषा नहीं। यह हमारी संस्कृति और सभ्यता की आत्मा है। दुनिया में हिंदी तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम ऐसी भाषा से जुड़े हैं, जो वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान कायम कर रही है।
हिन्दी पखवाड़े का आयोजन दिनांक 28 सितंबर, 2025 तक किया जाएगा, जिसमें एसजेवीएन कारपोरेट मुख्यालय सहित परियोजना कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मध्य हिन्दी को बढ़ावा देने एवं उनके मध्य हिन्दी के प्रति स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मक की भावना को बढ़ावा देने की दृष्टि से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। कारपोरेट मुख्यालय में हिन्दी पखवाड़े के दौरान निगम मुख्यालय में शुद्ध शब्द लेखन, श्रुतलेखन, काव्य-गोष्ठी तथा सुलेख आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (मा सं), चंद्रशेखर यादव सहित कारपोरेट मुख्यालय के विभिन्न विभागों/अनुभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। हिन्दी पखवाड़े के दौरान आयोजित शुद्ध शब्द लेखन प्रतियोगिता में 60 अधिकारियों/कर्मचारियों ने भाग लिया।


More Stories
राजेश कुमार चंदेल ने एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) का कार्यभार संभाला
Climate Change and Rising Heat Worsen Public Health Challenges in India
भविष्य ज्योति सम्मान समारोह 2026: हिमाचल प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं का भव्य सम्मान