किन्नौर। देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात भारतीय जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ‘वॉयस ऑफ किन्नौर’ की ओर से रक्षा सूत्र पहल शुरू की गई। इस पहल के तहत किन्नौर और पंजाब के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों से राखियां और हाथ से लिखे भावुक संदेश एकत्र किए गए। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के लोगों ने इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया के माध्यम से भी जवानों के लिए अपने संदेश भेजे।
इन सभी राखियों और संदेशों को भारत-तिब्बत सीमा पर स्थित शिपकी ला पास और लेपचा पहुंचाया गया। यहां देश की सुरक्षा में तैनात भारतीय सैनिकों की कलाई पर राखियां बांधी गईं और उन्हें लोगों की ओर से भेजे गए संदेश सौंपे गए।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों और देशभर के लोगों ने सैनिकों के प्रति अपना प्रेम, सम्मान और आभार व्यक्त किया। राखियों के साथ भेजे गए हाथ से लिखे संदेशों में जवानों के साहस, त्याग और देश सेवा के लिए धन्यवाद दिया गया।
‘वॉयस ऑफ किन्नौर’ की यह पहल सीमावर्ती क्षेत्र से देश की रक्षा करने वाले सैनिकों और देशवासियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव का संदेश देती है। रक्षा सूत्र के माध्यम से यह भावना सामने आई कि देश की सीमाओं पर तैनात जवान अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।


More Stories
विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर सरकार का आघात तानाशाहीपूर्ण निर्णय: HPUTWA,राज्यपाल से मिला शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल, HPU परिसर में जोरदार प्रदर्शन; विधेयक वापस लेने की मांग
बाहरा विश्वविद्यालय में 10-11 सितंबर को होगी राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस
सहकारिता प्रकोष्ठ में दो प्रदेश सह-संयोजकों की नियुक्ति, संतोष सैनी और दीपक शर्मा को जिम्मेदारी