शिमला: भूपेन्द्र गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एवं अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक) ने विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत नवरत्न सीपीएसई, एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) के रूप में कार्यभार ग्रहण करने पर श्री राजेश कुमार चंदेल को हार्दिक बधाई दी है।
शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित एसजेवीएन के संपर्क कार्यालय में पार्थजीत डे, निदेशक (वित्त) और श्री पंकज पोरवाल, मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा एसजेवीएन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने राजेश कुमार चंदेल का स्वागत किया।
चंदेल, वर्तमान में एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के ओएसडी के रूप में कार्यरत रहे। इससे पूर्व उन्होने अक्टूबर, 2025 से नेपाल में स्थित एसजेवीएन की दोनों पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनियों, अर्थात; एसजेवीएन अरुण-3 पावर डेवलपमेंट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (एसएपीडीसी) तथा एसजेवीएन लोअर अरुण पावर डेवलपमेंट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (एसएलपीडीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में 900 मेगावाट अरुण-3 जलविद्युत परियोजना तथा 669 मेगावाट लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना के कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया।
विद्युत क्षेत्र, विशेषत: हाइड्रो क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक के व्यापक अनुभव के साथ श्री राजेश कुमार चंदेल परियोजनाओं की अवधारणा, आयोजना, निष्पादन, निगरानी तथा अखिल भारत, नेपाल एवं भूटान में अंतरराष्ट्रीय समन्वय के क्षेत्र में श्रेष्ठता रखते हैं। जटिल विद्युत परियोजनाओं के निष्पादन के लिए सशक्त नेतृत्व क्षमता, तकनीकी दक्षता, पारस्परिक संवाद कौशल तथा व्यापक समन्वय क्षमता उनकी प्रमुख विशेषताएं हैं।
इससे पूर्व, चंदेल ने भूटान में पुनात्सांगछू हाइड्रो इलैक्ट्रिक पावर अथॉरिटी (पीएचपीए-II) के प्रबंध निदेशक एवं सदस्य सचिव के रूप में 1020 मेगावाट पुनात्सांगछू जलविद्युत परियोजना की सफल कमीशनिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2020 में, उन्होंने परियोजना प्रमुख के रूप में 66 मेगावाट धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को अवधारणा से निर्माण चरण तक नेतृत्व प्रदान किया।
राजेश कुमार चंदेल ने हिमाचल प्रदेश में स्थित 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन की हेड रेस टनल के निर्माण कार्य में लगभग आठ वर्षों तक महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कारपोरेट मुख्यालय में कारपोरेट निगरानी एवं समन्वय विभाग, कारपोरेट सुविधा प्रबंधन विभाग तथा निदेशक (सिविल) कार्यालय के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाओं का निर्वहन किया। उन्होंने वर्ष 1990 में हिमुडा से अपने करियर की शुरुआत की तथा 5 मई 1994 को एसजेवीएन में पदभार ग्रहण किया।
14 सितंबर, 1971 को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के महरे गांव में जन्में श्री राजेश कुमार चंदेल सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री धारक हैं। श्री चंदेल द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), कोलकाता के फेलो सदस्य और चार्टर्ड इंजीनियर भी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च विद्यालय, टौणी देवी, हमीरपुर से सम्पन्न की। श्री चंदेल की धर्मपत्नी श्रीमती दलजीत चंदेल है तथा उनका पुत्र रोहित चंदेल है।


More Stories
Climate Change and Rising Heat Worsen Public Health Challenges in India
भविष्य ज्योति सम्मान समारोह 2026: हिमाचल प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं का भव्य सम्मान
शाम के समय ओपीडी सेवाएं शुरू करने के प्रस्ताव का चिकित्सकों ने किया विरोध