September 20, 2026

पहाड़ो की रानी शिमला में  रात्रि 8 बजकर 19 मिनट पर निकला चांद, सोलह श्रृंगार कर सुहागिनो ने अपने चॉद की पूजा

शिमला। करवाचौथ पर चांद के दीदार के लिए हजारों चांद रिज मैदान पर उमड़े। सुहागिनों ने पति की दीर्घायु की कामना के साथ निर्जला व्रत तोड़ा। ऐतिहासिक रिज मैदान पर शहर की हजारों महिलाओं ने चांद का दीदार कर व्रत तोड़ा। पहाड़ो की रानी शिमला में चांद का दीदार रात्रि 8 बजकर 19 मिनट के बाद हुआ। देर रात तक मालरोड और रिज मैदान पर लोगों की चहल-पहल लगी रही। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए पुलिस की तैनाती की गई थी। पति की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने वीरवार को करवाचौथ का निर्जला व्रत रखा। देर शाम छह बजे से ही महिलाएं सज धज कर रिज मैदान पर पहुंचना शुरू हो गई थी। रिज और मालरोड पर दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। शाम सात बजे के बाद रिज पर तिल धरने की भी जगह नहीं बची। शहर में सबसे पहले चांद का दीदार रिज मैदान से ही होता है इसलिए न सिर्फ बाजार के इर्द गिर्द रहने वाली महिलाएं बल्कि उपनगरों से भी महिलाएं व्रत खोलने के लिए रिज मैदान पर पहुंची।

 
करवा चौथ पर महिलाओं के साथ पुरूषों ने भी रखा व्रत

करवा चौथ का व्रत वैसे तो महिलाए ही रखती है मगर फिल्मों व नाटक को देखकर कलयुग के पुरूष भी अब करवा चौथ का व्रत रखने लगे है। राजधानी में भी कई पुरूषों ने अपनी पत्नी की लम्बी उम्र के लिए व्रत रखा हुआ था। वहीं गुपचुप तरीके से कुछ युवतियों ने भी करवा चौथ का व्रत रखा हुआ था। यदि शास्त्रों की माने तो उसमें महिलाओं को ही करवा चौथ का व्रत रखने का विधान है।

करवा चौथ को लेकर बाजारों में रौनक

करवा चौथ के एक दिन पहले बाजारों खूब रौनक रही। शहर के लोअर बाजारए मॉलरोड अन्य बाजारों में सुबह से ही महिलाओं लड़कियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। चाहे चूडिय़ों की दुकाने हो वहीं पूजा की दुकानों मिठाई के दुकानों भी पूरा दिन महिलाओं की धूम रही। ब्यूटी पार्लर वालों ने भी करवा चौथ एक दिन पर पहले जमकर चांदी लूटी।

About Author

You may have missed