September 20, 2026

संजौली की इमारतों में दरारों को लेकर NHAI की सफाई, नवंबर 2025 से सुरंग निर्माण में नहीं हुई ब्लास्टिंग

शिमला। संजौली क्षेत्र की कुछ इमारतों में कथित तौर पर दरारें आने और इन्हें शिमला बाईपास परियोजना के तहत सुरंग निर्माण कार्य से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही मीडिया रिपोर्टों के बीच भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने स्थिति को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। NHAI का कहना है कि परियोजना के निर्माण के दौरान निर्धारित इंजीनियरिंग

प्रक्रियाओं के तहत सभी आवश्यक सावधानियां बरती गई हैं और प्रभावित निवासियों के साथ भी आवश्यक समन्वय किया गया है।
NHAI के अनुसार, प्रभावित स्थानों पर स्थिति का आकलन करने के बाद आवश्यक सुधारात्मक और उपचारात्मक कार्य किए गए हैं। इनमें ग्राउटिंग, संरचनात्मक रेट्रोफिटिंग, दीवारों में आई दरारों को सील करना और उनकी मरम्मत, क्षतिग्रस्त ईंट के काम को दोबारा दुरुस्त करना सहित अन्य तकनीकी उपाय शामिल हैं। प्राधिकरण ने कहा कि प्रत्येक स्थान की स्थिति और तकनीकी जरूरत के आधार पर आवश्यक इंजीनियरिंग हस्तक्षेप किए गए हैं।
NHAI ने सोशल मीडिया पर सुरंग निर्माण और ब्लास्टिंग को लेकर सामने आ रही चर्चाओं के बीच विशेष रूप से स्पष्ट किया है कि सुरंग निर्माण से संबंधित ब्लास्टिंग गतिविधियों को नवंबर 2025 में ही निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद से इस परियोजना में कोई ब्लास्टिंग गतिविधि नहीं की गई है।
प्राधिकरण के मुताबिक निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और इंजीनियरिंग प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक तकनीकी निगरानी भी जारी है, ताकि किसी भी संभावित समस्या की समय रहते पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके।
NHAI ने कहा कि परियोजना क्षेत्र में सार्वजनिक सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और जहां भी किसी तरह की तकनीकी समस्या सामने आती है, वहां साइट-विशिष्ट आकलन के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। प्राधिकरण ने यह भी कहा कि परियोजना क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है और भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार उचित इंजीनियरिंग उपाय किए जाएंगे।
संजौली क्षेत्र में इमारतों में दरारों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच NHAI का यह स्पष्टीकरण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्राधिकरण ने लोगों से स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की बात कही है।

About Author

You may have missed