रामपुर की 5 बेटियों ने NEET-2026 में लहराया परचम, मेधावियों का हुआ सम्मान

शिमला देश की प्रतिष्ठित NEET-UG 2026 परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली रामपुर-ननखड़ी क्षेत्र की पांच होनहार बेटियों सहित JEE Mains और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सोमवार को सम्मानित किया गया। आर्यावर्त एजुकेशनल वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में मेधावियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व हिमकोफेड अध्यक्ष कौल सिंह नेगी ने की। इस अवसर पर NEET-UG 2026 उत्तीर्ण करने वाली श्वेता, आयुषी, अन्वेषा चौहान, मिताली बिष्ट और नाभिका जिंटा को सम्मानित किया गया। वहीं JEE Mains में सफलता प्राप्त करने वाले आर्यन अष्टू तथा रामपुर पीजी कॉलेज की बीए अंतिम वर्ष की प्रदेश टॉपर नमिता को भी सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि कौल सिंह नेगी ने कहा कि इन विद्यार्थियों की उपलब्धियां पूरे रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय हैं और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से NEET उत्तीर्ण विद्यार्थियों से डॉक्टर बनने के बाद ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी बनी हुई है और युवा डॉक्टर समाज की इस आवश्यकता को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कौल सिंह नेगी ने युवाओं से सोशल मीडिया का संतुलित और सकारात्मक उपयोग करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र की बेटियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी मेधावियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आर्यावर्त सोसाइटी के अध्यक्ष प्रदीप दड़ेल, सिग्मा स्कूल ऑफ साइंस के प्रधानाचार्य राकेश कुमार, दीवान लक्टू, पियुष प्रार्थी, चुन्नी लाल रोष्टा, रविंद्र कायथान, अशोक कुमार, तिलक राज सहित शिक्षक, छात्र, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About Author