शिमला,शिमला विश्वविद्यालय (एपीजी) में नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित विशेष शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। देश और प्रदेश के विभिन्न कोनों से आए नवागंतुक विद्यार्थियों को शिमला और सोलन के समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक तथा प्राकृतिक वैभव से परिचित करवाने के उद्देश्य से इस विशेष यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में बुधवार को विद्यार्थियों के ग्रुप -ए ने शिक्षकों एवं संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन में सोलन स्थित प्रसिद्ध मोहन हेरिटेज पार्क का शैक्षणिक दौरा किया।

हेरिटेज पार्क की अलौकिक वास्तुकला, सुरम्य पहाड़ियों की पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक धरोहर को देखकर नव-प्रवेशित विद्यार्थी मंत्रमुग्ध हो गए। भ्रमण के दौरान अध्यापकों ने विद्यार्थियों को क्षेत्र की ऐतिहासिक महत्ता और धरोहरों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को नवागंतुक विद्यार्थियों का ग्रुप बी अपने अगले शैक्षणिक भ्रमण के लिए सोलन और शिमला के आसपास के ऐतिहासिक व दर्शनीय स्थलों की ओर रवाना हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक दौरों से न केवल विद्यार्थियों को अपने नए अध्ययन क्षेत्र की संस्कृति और परिवेश को गहराई से समझने का अवसर मिलता है, बल्कि विभिन्न राज्यों से आए छात्रों के बीच आपसी संवाद, सौहार्द और टीम भावना भी सुदृढ़ होती है। भारत के विविध राज्यों से शिमला विश्वविद्यालय में पहुँचे नए छात्रों ने एक साथ मिलकर हिमाचल की समृद्ध धरोहर को जाना तथा फैकल्टी सदस्यों ने पूरे सफर में विद्यार्थियों को ऐतिहासिक व सामाजिक संदर्भों से भी अवगत कराया।
कक्षा की दीवारों से बाहर प्रकृति और इतिहास की गोद में सीखने की यह शिमला विश्वविद्यालय की पहल विद्यार्थियों के लिए बेहद यादगार साबित हो रही है।


More Stories
शिमला विश्वविद्यालय में ‘आरंभ’ ओरिएंटेशन के दूसरे दिन विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
शिमला में पुस्तक ‘हिमगिरि सा चुपचाप गले’ का विमोचन, संघ के चार प्रचारकों के जीवन पर आधारित है पुस्तक
सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई दिशा : नरेश चौहान