शिमला प्रदेश की राजधानी शिमला में शनिवार देर शाम हुए एक सनसनीखेज गोलीकांड ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। सरस्वती पैराडाइज स्कूल के कैंपस में रह रही व्यवसायी महिला मीनाक्षी मित्तल की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया और सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार मीनाक्षी मित्तल स्कूल परिसर के साथ बने अपने फ्लैट में रहती थी। शनिवार शाम अज्ञात हमलावर वहां आए और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली उनके सिर में लगी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक विशेषज्ञ और जांच दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौके से मिले सबूतों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में पुलिस संपत्ति विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था
सूत्रों के अनुसार मृतका के परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी संभावित कारणों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। राजधानी शिमला में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
एएसपी अभिषेक ने बताया कि
कुछ देर पहले पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मीनाक्षी मित्तल की कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा मौके का निरीक्षण किया गया। घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। मामले में हत्या का अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है तथा घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी तलाश हेतु व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया जा रहा है।


More Stories
राजेश कुमार चंदेल ने एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) का कार्यभार संभाला
Climate Change and Rising Heat Worsen Public Health Challenges in India
भविष्य ज्योति सम्मान समारोह 2026: हिमाचल प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं का भव्य सम्मान