शिमला में डिलीवरी के 24 घंटे बाद महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही के लगाए आरोप

Featured Video Play Icon

 

शिमला।  शिमला के कमला नेहरू अस्पताल में एक महिला की डिलीवरी के 24 घंटे बाद संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह 25 जुलाई 2025 को यह घटना सामने आई, जिसके बाद अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।

मृतक महिला की पहचान अंजु के रूप में हुई है, जो ठियोग के चयोग गांव की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार गुरुवार को अंजु की सिजेरियन डिलीवरी हुई थी, जिसमें उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद उसकी हालत सामान्य बताई जा रही थी। लेकिन शुक्रवार सुबह लगभग 8:30 बजे जब स्टाफ नर्स ने उसे एक वार्ड से दूसरे वार्ड में शिफ्ट करने को कहा, तभी स्थिति बिगड़ गई।

परिजनों का आरोप है कि शिफ्टिंग के दौरान महिला को बिना किसी स्ट्रेचर के सहारे से पकड़ कर ले जाया गया, जिससे सिजेरियन ऑपरेशन के टांकों से ब्लीडिंग शुरू हो गई। कुछ ही देर में महिला की हालत नाजुक हो गई और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लगभग 20-25 लोग अस्पताल पहुंच गए और गहरी नाराजगी जताई। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतका के पति का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही छोटा शिमला थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। अस्पताल के मेडिकल सुपरींटेंडेंट भी मौके पर पहुंचे लेकिन वे परिजनों के तीखे सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उन्होंने केवल इतना कहा कि उन्हें बताया गया है कि महिला की तबीयत ठीक थी और मौत अचानक हुई है।

इससे पहले भी शुक्रवार को आईजीएमसी अस्पताल शिमला में एक अन्य महिला की मौत को लेकर भी हंगामा हुआ था। दो बड़े अस्पतालों में एक ही दिन दो महिलाओं की मौत के मामलों ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर स्थिति को उजागर कर दिया है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर आगामी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Byte- मृतक महिला की सास

About Author