शिमला,जिला शिमला में साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं पुलिस द्वारा लोगों किए जा रहे जागरूक के बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे है और ठगी का शिकार हो रहे है।
और अब साइबर अपराधी गूगल सर्च इंजन के जरिये भी लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। ताजा मामला जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडल में सामने आया है, जहां जुब्बल निवासी गोविंद सिंह से 11.35 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित कारोबारी है और उसकी रोहड़ू में ज्वेलरी की दुकान है।
जानकारी के अनुसार गोविंद सिंह को अपने निजी निर्माण कार्य के लिए भारी मात्रा में सरिए की आवश्यकता थी। 25 अप्रैल को उन्होंने गूगल पर टाटा स्टील कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर का नंबर तलाशा। इसी दौरान एक शातिर ठग ने खुद को टाटा स्टील का एरिया मैनेजर आलोक कुमार बताकर उनसे संपर्क किया। ठग ने गोविंद सिंह का विश्वास जीतते हुए 15 टन सरिए का ऑर्डर बुक कराया और एडवांस में 11,35,650 रुपये की ऑनलाइन भुगतान करवा ली।
गोविंद सिंह को भरोसा था कि वह सीधे कंपनी से माल खरीद रहे हैं, लेकिन तय समय पर जब सरिया नहीं पहुंचा और ठग से भी संपर्क नहीं हो पाया, तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत रोहड़ू थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत रोहड़ू थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रोहड़ू के डीएसपी प्रणव चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की तलाश के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
डीएसपी ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी कंपनी से ऑनलाइन खरीदारी करने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी कार्यालय से पुष्टि अवश्य कर लें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि किसी अंजान नंबर या लिंक पर बिना जांचे-परखे भरोसा न करें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
More Stories
विश्वविद्यालय शिक्षकों की लंबित मांगों पर संघर्ष का ऐलान, शिक्षक कल्याण संघ बोला– मांगें पूरी न हुईं तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन होगा
कमलपुर प्रेहती में पेयजल संकट: एक महीने से नहीं आ रहा पानी
सीएम सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग,RDG बंद होने के बावजूद भी OPS नहीं होगी बंद, भर्तियों भी रहेगी जारी,1066 पदों को भरने की कैबिनेट ने दी मंजूरी।