November 2, 2026

किन्नौर में विश्व की पहली बॉर्डर वुमेन्स कार रैली ‘She Will Season 2.0’ का भव्य आयोजन, 130 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा

60 से अधिक वाहनों के साथ पूह से खाब संगम तक निकली रैली, आठ जिलों की महिलाओं ने साहस, आत्मविश्वास और हिमाचली संस्कृति का दिया संदेश
पूह (किन्नौर), 1 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती जिला किन्नौर में महिलाओं के साहस, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को समर्पित विश्व की पहली बॉर्डर वुमेन्स कार रैली ‘She Will Season 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। वॉइस ऑफ किन्नौर कम्युनिटी रेडियो स्टेशन, पूह की ओर से आयोजित इस रैली में 60 से अधिक वाहनों के साथ 130 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का समापन सतलुज और स्पीति नदियों के संगम स्थल खाब संगम पर हुआ। आयोजन ने सीमावर्ती क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण, एकजुटता और सांस्कृतिक विविधता का अनूठा संदेश दिया।

कार्यक्रम में एसडीएम निचार दिव्या यादव, आईएएस, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि हिमाचल प्रदेश की सबसे युवा महिला ट्रक चालक और प्रसिद्ध व्लॉगर नेहा ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। दोनों अतिथियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने सपनों को पूरा करने और जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

26 से 69 वर्ष तक की महिलाओं ने दिखाया दमखम
रैली की खास बात यह रही कि इसमें 26 से 69 वर्ष तक की महिलाओं ने हिस्सा लेकर साबित किया कि साहस और आत्मविश्वास के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है। ऊना, बिलासपुर, सिरमौर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी, सोलन और शिमला सहित प्रदेश के आठ जिलों से पहुंचीं महिलाओं ने इस आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया।

.
प्रतिभागियों ने अपनी पारंपरिक हिमाचली और क्षेत्रीय वेशभूषा के माध्यम से अपने-अपने जिलों की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित किया। अलग-अलग क्षेत्रों से आई महिलाओं की भागीदारी ने रैली को केवल वाहन यात्रा तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे महिला एकता, आत्मविश्वास और हिमाचली लोक संस्कृति के उत्सव में बदल दिया।
दूरदर्शन ने किया राष्ट्रीय स्तर पर कवरेज
आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए दूरदर्शन (डीडी नेशनल) की टीम ने भी विशेष कवरेज की। टीम ने वॉइस ऑफ किन्नौर के साथ मिलकर रैली के विभिन्न पहलुओं को कैमरे में दर्ज किया। इसके अलावा दूरदर्शन की टीम ने रेडियो स्टेशन की टीम के साथ सामरिक और ऐतिहासिक महत्व वाले शिपकी ला क्षेत्र का दौरा भी किया।
इस पहल से सीमावर्ती किन्नौर की भौगोलिक विशेषताओं, स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का अवसर मिला। आयोजन ने महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ किन्नौर में पर्यटन की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
किन्नौरी लोकनृत्य ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान पूह की विश्वकर्मा संस्था महिला मंडल ने शानदार किन्नौरी लोकनृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकसंगीत और नृत्य के माध्यम से किन्नौर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक प्रस्तुति ने आयोजन में स्थानीय परंपराओं के रंग भरने के साथ प्रतिभागियों और अतिथियों को किन्नौरी संस्कृति से रूबरू करवाया।
वॉइस ऑफ किन्नौर की टीम का अहम योगदान
कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने से लेकर आयोजन के संचालन और विभिन्न गतिविधियों के समन्वय तक वॉइस ऑफ किन्नौर की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्टेशन प्रबंधक आरजे रक्षा ने आयोजन की योजना, गतिविधियों के समन्वय और संचालन की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, एंकर नीरज सोलंक ने प्रभावशाली मंच संचालन और ऊर्जावान प्रस्तुति से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
इसके अतिरिक्त आरजे परीक्षित गौतम, रीना और अरविंद ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं, प्रस्तुतियों और टीम समन्वय में योगदान दिया। पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने में मदद मिली।
महिला सशक्तिकरण और सीमावर्ती संस्कृति को मिला मंच
वॉइस ऑफ किन्नौर की ओर से आयोजित ‘She Will Season 2.0’ ने यह संदेश दिया कि महिलाओं को अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपनी क्षमता साबित कर सकती हैं। ‘आपकी भूमि, आपकी आवाज’ की भावना के साथ काम कर रहा कम्युनिटी रेडियो स्टेशन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में योगदान दे रहा है।
किन्नौर जैसे सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित इस रैली ने महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को पहचान दिलाने का अवसर भी प्रदान किया। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आया।

About Author