September 19, 2026

हिमाचल में पंचायती राज चुनावों का ऐलान,3754 पंचायतों में कुल 31,182 पदों के लिए 3 चरणों में होगा मतदान, आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू।

 

शिमला हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का ऐलान हो गया है।प्रदेश की 3754 ग्राम पंचायतों में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में वोट डाले जाएंगे।इस बार पंचायत चुनाव में 50 लाख 79 हजार 048 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए कहा कि चुनावों में 21,654 पंचायत वार्ड सदस्य, 1769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य चुने जाएंगे।

अनिल खाची ने कहा कि 7, 8 और 11 मई को नामांकन दाखिल होंगे जबकि नामांकन पत्रों की छंटनी 12 मई को होगी।14 और 15 मई को नामांकन वापसी होगी और 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान होगा।ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती मतदान पूरा होने के बाद उसी दिन पंचायत मुख्यालय में होगी जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के मतों की गणना 31 मई को होगी। कुल 31,182 पदों में से 15,656 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। कुल्लू जिला की चार पंचायतों में चुनाव नहीं होंगे जबकि अन्य सभी पंचायतों में चुनाव होंगे।राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि चुनाव की घोषणा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।

About Author