शिमला।इस वर्ष दीपावली की तिथि को लेकर लोगों में व्यापक चर्चा चल रही है। सोशल मीडिया पर यह सवाल लगातार उठाया जा रहा है कि दीपावली 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी या 21 अक्टूबर को। कई लोग इसे दो दिनों तक चलने वाला पर्व मान रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
हिंदू धर्मशास्त्रों और पौराणिक परंपरा के अनुसार दीपावली (दीपोत्सव) अमावस्या तिथि, यानी कृष्ण पक्ष की अंतिम तिथि को मनाई जाती है। वर्ष 2025 में यह अमावस्या तिथि 20 अक्टूबर को शाम 3:44 बजे प्रारंभ होकर 21 अक्टूबर को शाम 5:54 बजे तक रहेगी।
ज्योतिर्विद पूर्ण प्रकाश शर्मा के अनुसार जब कोई तिथि दो दिनों तक चलती है, तब निर्णय प्रादोष काल और निषीथ काल (रात्रि मध्य का समय) के आधार पर किया जाता है। वर्ष 2025 में ये दोनों कालखंड 20 अक्टूबर की रात को उपलब्ध हैं, अतः लक्ष्मी पूजा इसी दिन करना शास्त्रसम्मत और शुभ माना गया है।
काशी विद्वत परिषद्, जो कि धार्मिक तिथि निर्धारण की एक प्रमाणिक संस्था मानी जाती है, ने भी यह निर्णय दिया है कि दीपावली का पर्व 20 अक्टूबर 2025 (सोमवार) को ही मनाया जाए। देशभर के कई प्रतिष्ठित पंचांगों और धार्मिक संस्थाओं ने भी इसी तिथि को दीपोत्सव के रूप में स्वीकार किया है।
इस प्रकार, हिंदू ज्योतिष और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस वर्ष 20 अक्टूबर को दीपावली मनाना सर्वथा उचित और शुभ फलदायक रहेगा।
More Stories
अग्निशमन सेवा विभाग ने दिवाली को लेकर जारी की एडवाइजरी
पहाड़ी कलेक्शन से हिमाचली संस्कृति को मिलेगा नया रूप, वर्मा ज्वेलर्स ने शिमला में लांच किए नए डिजाइन
डीए में भी मुख्यमंत्री ने किया 1% का हेर फेर : सिकंदर