शिमला। जिला शिमला में सर्दियां शुरू होते ही आगजनी के मामले शुरू हो गए हैं। प्रतिवर्ष सर्दियों में आगजनी से काफी नुकसान होता है। ताजा मामले में
शिमला जिला के रोहड़ू उपमण्डल के स्मरकोट इलाके के सेरी गांव में भीषण अग्निकांड हुआ है। इस घटना में चार घर राख हो गए। सोमवार तड़के करीब चार बजे गांव के एक घर में आग लग गई। आसमान चूमती लपटों ने देखते ही देखते साथ लगते घरों को जलाकर राख कर दिया। घरों की रसोई में रखे सिलेंडरों के ब्लास्ट होने से आग और भड़क गई। इस अग्निकांड में लाखों की सम्पति जलकर नष्ट हो गई। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। लकड़ी के बने घरों से उठती आसमान चूमती लपटें देख पूरे गांव में हाहाकार मच गया। घरों में मौजूद लोगों ने भागकर जान बचाई। आग की जद में आये घरों के बगल के एक घर में शादी का आयोजन चल रहा था। आग ने पशुशालाओं को भी अपने आगोश में ले लिया। इस घटना में एक गाय की जिंदा जलने से मौत हो गई। घंटों जूझने के बाद दमकल कर्मी आग पर काबू पा सके। दमकल की चार गाड़ियों को आग बुझाने में करीब साढ़े तीन घण्टे लग गए। रोहड़ू से दो और चिडग़ांव व जुब्बल से एक-एक दमकल वाहन ने आग पर काबू पाकर पूरे गांव को खाक होने से बचाया। आग में सब कुछ गंवा देने से कई परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है।
प्रभावितों में कैलाश पुत्र शिव सरण, मोहन लाल पुत्र सोहन लाल और दो अन्य शामिल हैं।
रोहड़ू के डीएसपी रविन्द्र नेगी ने बताया कि अग्निकांड की इस घटना में चार घर पूरी तरह से राख हुए हैं। हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। पशुशाला में बंधी एक गाय की भी जिंदा जलने से मौत हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

More Stories
सैमडकॉट की चेतावनी: पदोन्नति रोक और वेतन स्थगन से चिकित्सा शिक्षा पर मंडराया संकट
हपुट्टा ने ए तथा बी श्रेणी के कर्मचारियों के वेतन में तीन प्रतिशत कटौती का किया विरोध,पुनर्विचार करने की मांग
शिमला में बजट पर सियासी संग्राम: जय राम ठाकुर का हमला, बोले—“इतिहास का सबसे कमजोर बजट”