October 6, 2026

विश्व वास्तुकला दिवस पर हिमाचल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित शिमला, मंडी और सुंदरनगर में वास्तुकला के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार निर्माण का दिया संदेश

 

शिमला, भारतीय वास्तुकार संस्थान (IIA), हिमाचल प्रदेश चैप्टर ने विश्व वास्तुकला दिवस 2026 के अवसर पर शिमला, मंडी और सुंदरनगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। इस वर्ष दिवस की थीम “Housing is a Human Right. Build It.” रही। कार्यक्रमों में वास्तुकारों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लेकर समाज के प्रति वास्तुकारों की जिम्मेदारी तथा टिकाऊ एवं संवेदनशील वास्तुकला पर विचार साझा किए।

शिमला में आयोजित कार्यक्रम में आईआईए हिमाचल प्रदेश चैप्टर के पूर्व अध्यक्ष आर्किटेक्ट कहान सिंह चौहान तथा वर्तमान अध्यक्ष आर्किटेक्ट मनुज शारदा सहित 30 से अधिक वास्तुकारों ने भाग लिया। इस अवसर पर आर्किटेक्ट चौहान ने वास्तुकारों के बीच एकता और आपसी सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। आर्किटेक्ट मनुज शारदा ने कहा कि हिमाचल जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में वास्तुकला करते समय पर्यावरण, स्थानीय परिस्थितियों और पारंपरिक ज्ञान का सम्मान करना आवश्यक है।

सुंदरनगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में लगभग 150 आर्किटेक्चर विद्यार्थियों के लिए क्विज, लोगो डिजाइन प्रतियोगिता तथा हैंड्स-ऑन लैंडस्केपिंग गतिविधि आयोजित की गई। आईआईए हिमाचल प्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष आर्किटेक्ट मनुज शारदा ने ऑनलाइन विद्यार्थियों को संबोधित किया और उन्हें एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील वास्तुकार बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके करियर संबंधी प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

मंडी में भी नेशनल काउंसिल सदस्य आर्किटेक्ट नंदलाल चंदेल के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से अन्य कार्यक्रमों में भी सहभागिता की।

आईआईए हिमाचल प्रदेश चैप्टर ने इन आयोजनों के माध्यम से वास्तुकला के क्षेत्र में पेशेवर एकता, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार वास्तुकला को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

About Author