शिमला में गहरी खाई में गिरी कार, बिलासपुर की वृद्ध दम्पति की मौत, बेटे सहित दो घायल

 

शिमला, । राजधानी शिमला के शोघी-मेहली बाईपास रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने बिलासपुर के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। न्यू शिमला थाना क्षेत्र के तहत सीवरेज प्लांट बड़ागांव के पास एक स्विफ्ट कार रविवार सुबह अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में बिलासपुर के एक बुजुर्ग दम्पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और एक अन्य महिला घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार का नंबर HP 24C 0600 है। कार में कुल चार लोग सवार थे। हादसे में सुमन शर्मा पुत्र कृष्ण दत्त, उम्र 69 वर्ष, निवासी हाउस नंबर 172, सेक्टर-2, तहसील सदर, जिला बिलासपुर तथा उनकी पत्नी लीला देवी पत्नी कृष्ण दत्त, उम्र 64 वर्ष, निवासी हाउस नंबर 172, सेक्टर-2, तहसील सदर, जिला बिलासपुर की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों पति-पत्नी अपने परिवार के साथ शिमला की ओर जा रहे थे।

कार चला रहे मृतक दम्पति के पुत्र अखिल कुमार पुत्र सुमन शर्मा, निवासी हाउस नंबर 172, सेक्टर-2, तहसील सदर, जिला बिलासपुर हादसे में घायल हुए हैं। उनके साथ कार में सवार निर्मला देवी पत्नी कमलेश कुमार, निवासी सरगीण, पंथाघाटी, शिमला, उम्र 55 वर्ष भी घायल हुई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।हादसे की सूचना मिलते ही न्यू शिमला पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि कार अचानक अनियंत्रित होने के कारण खाई में गिरी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

About Author