February 20, 2026

कमलपुर प्रेहती में पेयजल संकट: एक महीने से नहीं आ रहा पानी

 

करसोग। करसोग क्षेत्र के गांव कमलपुर प्रेहती (ग्राम पंचायत खील) में पिछले एक महीने से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते बुधवार को केवल 10 मिनट के लिए पानी आया था, उसके बाद से सप्लाई पूरी तरह ठप है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जल शक्ति विभाग करसोग द्वारा नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं की जा रही, जिससे करीब 20 परिवार प्रभावित हैं। लोगों को अपने खर्च पर टैंकर मंगवाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
पानी की किल्लत के कारण गांव में मवेशियों का गुजर-बसर करना भी मुश्किल हो गया है। पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है, जिससे दुधारू पशुओं पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज करवाई गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

प्रभावित स्थानीय निवासी बबलू, बिहारी लाल, दिवाकर राम, भगत राम, युवराज और पवन ने विभाग से जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।

*जल शक्ति विभाग का पक्ष: अधिशासी अभियंता खुद करेंगे गांव का दौरा, नियमित सप्लाई के आदेश*

कमलपुर प्रेहती (ग्राम पंचायत खील) में पेयजल संकट को लेकर उठे विरोध के बीच जल शक्ति विभाग की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है।
जल शक्ति विभाग करसोग के अधिशासी अभियंता बुद्धि सिंह ठाकुर ने बताया कि संबंधित गांव का वह स्वयं दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह मामला आज ही उनके संज्ञान में आया है।
अधिशासी अभियंता के अनुसार, गांव में पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

About Author